3. व्यवस्था के युग में परमेश्वर के कार्य का उद्देश्य और महत्व
परमेश्वर के प्रासंगिक वचन :
आरंभ में, मानवजाति के सृजन के बाद, इस्राएलियों ने परमेश्वर के कार्य के आधार के रूप में काम किया। संपूर्ण इस्राएल पृथ्वी पर यहोवा के कार्य का आधार था। यहोवा का कार्य व्यवस्थाओं की स्थापना करके मनुष्य की सीधे अगुआई और चरवाही करना था, ताकि मनुष्य एक सामान्य जीवन जी सके और पृथ्वी पर सामान्य तरीके से यहोवा की आराधना कर सके। व्यवस्था के युग में परमेश्वर मनुष्य के द्वारा न तो देखा जा सकता था और न ही उसे छुआ जा सकता था। क्योंकि उसने केवल उन लोगों का मार्गदर्शन किया जिन्हें शैतान ने सबसे पहले भ्रष्ट किया था, उन्हें शिक्षा दी और उनकी देखभाल की, उसके वचनों में केवल व्यवस्थाएँ, विधान और उनके स्व-आचरण के मानदंड शामिल थे, न कि वे सत्य जो लोगों को जीवन की आपूर्ति करते हैं। उसकी अगुआई में इस्राएली शैतान द्वारा गहराई से भ्रष्ट नहीं किए गए थे। उसका व्यवस्था का कार्य उद्धार के कार्य में केवल पहला चरण था, उद्धार के कार्य का एकदम आरंभ और उसका मनुष्य के जीवन-स्वभाव में होने वाले परिवर्तनों से लगभग कोई संबंध नहीं था।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, देहधारी परमेश्वर की सेवकाई और मनुष्य के कर्तव्य के बीच अंतर
“यहोवा” वह नाम है जिसे मैंने इस्राएल में अपने कार्य के दौरान अपनाया था, और इसका अर्थ है इस्राएलियों (परमेश्वर के चुने हुए लोगों) का परमेश्वर, जो मनुष्य के प्रति दया दिखा सकता है, मनुष्य को शाप दे सकता है, और मनुष्य के जीवन का मार्गदर्शन कर सकता है; वह परमेश्वर, जिसके पास बड़ा सामर्थ्य है और जो बुद्धि से भरपूर है। ... अर्थात्, केवल यहोवा ही इस्राएल के चुने हुए लोगों का परमेश्वर, अब्राहम का परमेश्वर, इसहाक का परमेश्वर, याकूब का परमेश्वर, मूसा का परमेश्वर और इस्राएल के सभी लोगों का परमेश्वर है। और इसलिए, यहूदी लोगों समेत उस समय के सभी इस्राएली यहोवा की आराधना करते थे। वे वेदी पर उसके लिए बलिदान करते थे और याजकीय लबादे पहनकर मंदिर में उसकी सेवा करते थे। वे यहोवा के पुनः प्रकट होने की आशा करते थे। ... “यहोवा” नाम इस्राएल के उन लोगों के लिए एक विशेष नाम है, जो व्यवस्था के अधीन जिए थे। प्रत्येक युग में और कार्य के प्रत्येक चरण में मेरा नाम आधारहीन नहीं है, बल्कि प्रातिनिधिक मायने रखता है : प्रत्येक नाम एक युग का प्रतिनिधित्व करता है। “यहोवा” व्यवस्था के युग का प्रतिनिधित्व करता है, और वह सम्मानसूचक शब्द है, जिससे इस्राएल के लोग उस परमेश्वर को पुकारते थे जिसकी वे आराधना करते थे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, उद्धारकर्ता पहले ही एक “सफेद बादल” पर सवार होकर वापस आ चुका है
व्यवस्था के युग के दौरान यहोवा के नाम से मानवजाति का मार्गदर्शन करने का कार्य किया गया था, और पृथ्वी पर कार्य का पहला चरण आरंभ किया गया था। इस चरण के कार्य में मंदिर और वेदी का निर्माण करना, इस्राएल के लोगों का मार्गदर्शन करने के लिए व्यवस्था का उपयोग करना और इस्राएल के लोगों के बीच कार्य करना शामिल था। इस्राएल के लोगों का मार्गदर्शन करके उसने पृथ्वी पर अपने कार्य के लिए एक आधार का इंतजाम किया। इस आधार से उसने अपने कार्य का फैलाव इस्राएल से बाहर किया, जिसका अर्थ है कि इस्राएल से शुरू करके उसने अपने कार्य को बाहर फैलाया, जिससे बाद की पीढ़ियों को धीरे-धीरे पता चला कि यहोवा परमेश्वर था, और कि वह यहोवा ही था, जिसने स्वर्ग और पृथ्वी और सभी चीजों का निर्माण किया, और कि वह यहोवा ही था, जिसने सभी सृजित प्राणियों को बनाया था। उसने इस्राएल के लोगों के माध्यम से अपने कार्य को उनसे परे फैलाया। इस्राएल की भूमि पृथ्वी पर यहोवा के कार्य का पहला पवित्र स्थान थी, और इस्राएल की भूमि पर ही परमेश्वर ने पृथ्वी पर सबसे पहले कार्य किया। वह व्यवस्था के युग का कार्य था।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर के कार्य का दर्शन (3)
सबसे आरंभिक मनुष्यजाति बिल्कुल कुछ भी नहीं जानती थी, और इसलिए परमेश्वर को, जीवित रहने के सबसे सबसे सतही और बुनियादी सिद्धांतों और जीने के लिए आवश्यक अध्यादेशों से, इन चीजों को थोड़ा-थोड़ा करके मनुष्य के हृदय में डालकर, मनुष्य को सिखाना शुरू करना पड़ा। इन शर्तों के माध्यम से, जो वचनों की थीं, और इन अध्यादेशों के माध्यम से उसने मनुष्य को अपनी क्रमिक समझ, अपनी अगुआई का क्रमिक बोध और समझ, और अपने और मनुष्य के बीच के संबंध की मूलभूत अवधारणा दी। यह प्रभाव प्राप्त करने के बाद ही, परमेश्वर, थोड़ा-थोड़ा करके, वह कार्य कर पाया था जो उसने बाद में किया। इस प्रकार ये अध्यादेश और व्यवस्था के युग के दौरान परमेश्वर द्वारा किया गया कार्य मनुष्यजाति को बचाने के उसके कार्य की आधारशिला, और परमेश्वर की प्रबंधन योजना के कार्य का पहला चरण हैं।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, परमेश्वर का कार्य, परमेश्वर का स्वभाव और स्वयं परमेश्वर II
व्यवस्था के युग का कार्य
यहोवा ने जो कार्य इस्राएलियों पर किया, उसने मानवजाति के बीच पृथ्वी पर परमेश्वर के मूल स्थान को स्थापित किया, जो कि ऐसा पवित्र स्थान भी था जहाँ वह उपस्थित रहता था। उसने इस्राएल के लोगों को अपना कार्यक्षेत्र माना। आरंभ में उसने इस्राएल के बाहर कार्य नहीं किया; अपने कार्यक्षेत्र को छोटा करने के लिए, उसने उपयुक्त लोगों को चुना। इस्राएल की भूमि वह जगह है जहाँ परमेश्वर ने आदम और हव्वा की रचना की, और उस जगह की धूल से यहोवा ने मनुष्य को बनाया; यह स्थान पृथ्वी पर उसके कार्य का आधार बन गया। इस्राएली, जो नूह के वंशज थे और आदम के भी वंशज थे, पृथ्वी पर यहोवा के कार्य की मानवीय बुनियाद थे।
उस समय, इस्राएल में यहोवा के कार्य की महत्ता, लक्ष्य और कदम अपना कार्य पूरी पृथ्वी पर कार्यान्वित करने के लिए थे, जो इस्राएल को अपना केंद्र बनाकर अन्य-जाति राष्ट्रों में फैल गया। यही सिद्धांत है जिसके अनुसार वह पूरे ब्रह्मांड के भीतर कार्य करता है—एक निश्चित बिंदु से आरंभ कर संपूर्ण को संचालित करता है और फिर अपने कार्य को तब तक फैलाता है जब तक कि ब्रह्मांड के सभी लोग उसके सुसमाचार को प्राप्त न कर लें। प्रथम इस्राएली नूह के वंशज थे। इन लोगों के पास केवल यहोवा की श्वास थी और वे जीवन की मूल आवश्यकताएँ पूरी करना जानते थे, किंतु वे नहीं जानते थे कि यहोवा किस प्रकार का परमेश्वर है, और वे नहीं जानते थे कि मनुष्य के लिए उसके इरादे क्या हैं, और वे यह तो बिल्कुल भी नहीं जानते थे कि मनुष्य सृष्टिकर्ता का भय कैसे माने। जहाँ तक इस बात का संबंध है कि क्या ऐसे विनियम थे, क्या ऐसी व्यवस्थाएँ थीं या क्या ऐसा कोई कर्तव्य था जो सृजित प्राणियों को सृष्टिकर्ता के लिए करना चाहिए, आदम के वंशज इन बातों के बारे में कुछ नहीं जानते थे। वे बस इतना ही जानते थे कि पति को अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पसीना बहाना और परिश्रम करना चाहिए, और पत्नी को अपने पति की आज्ञा का पालन करना चाहिए और यहोवा द्वारा सृजित मानवजाति को बनाए रखना चाहिए। दूसरे शब्दों में, वे लोग जिनके पास केवल यहोवा की श्वास और उसका जीवन था, इस बारे में कुछ भी नहीं जानते थे कि परमेश्वर की व्यवस्थाओं का पालन कैसे करें या सृष्टिकर्ता को कैसे संतुष्ट करें। वे बहुत ही कम समझते थे। इसलिए भले ही उनके हृदय में ज़रा-सी भी कुटिलता या धोखेबाजी नहीं थी, और शायद ही कोई ईर्ष्या और कलह था, फिर भी उन्हें सृष्टिकर्ता, यहोवा के बारे में कोई ज्ञान या समझ नहीं थी। मनुष्य के ये पूर्वज केवल यहोवा की चीजों को खाना और उनका आनंद लेना जानते थे, किंतु वे यहोवा का भय मानना नहीं जानते थे; वे नहीं जानते थे कि उन्हें घुटने टेककर यहोवा की आराधना करनी चाहिए। तो वे सृजित प्राणी कैसे कहला सकते थे? तो क्या इन वचनों का बोला जाना, “यहोवा सृष्टिकर्ता है” और “उसने मानवजाति को सृजित किया ताकि मानवजाति उसे प्रकट कर सके, उसे महिमामंडित कर सके और उसका प्रतिनिधित्व करने में सक्षम हो सके”—व्यर्थ न हो जाता? जिन लोगों के पास यहोवा का भय मानने वाला हृदय नहीं था, वे उसकी महिमा के गवाह कैसे बन सकते थे? वे उसकी महिमा की अभिव्यक्ति कैसे बन सकते थे? तब क्या यहोवा के इन वचनों “मैंने मानवजाति को अपनी छवि में बनाया” का फायदा उठाकर शैतान, वह दुष्ट हमला न करता? क्या तब ये वचन यहोवा द्वारा मानवजाति के सृजन को लेकर शर्म का एक चिह्न न बन जाते? कार्य के इस चरण को पूरा करने के लिए, मानवजाति का सृजन करने के बाद, यहोवा ने आदम से नूह तक की अवधि के दौरान उन्हें निर्देश या मार्गदर्शन नहीं दिया, बल्कि जलप्रलय द्वारा दुनिया को नष्ट किए जाने के बाद ही उसने औपचारिक तौर पर इस्राएलियों—नूह के वंशजों, यानी आदम के वंशजों—का मार्गदर्शन करना आरंभ किया। उसने इस्राएल में कार्य किया और वचन बोले, और इस्राएल की संपूर्ण धरती पर जीवन जीने वाले इस्राएल के सभी लोगों का मार्गदर्शन किया, और इस तरह मनुष्य को दिखाया कि यहोवा न केवल उसमें श्वास फूँकने में समर्थ है, ताकि वह यहोवा से जीवन प्राप्त कर सके और मिट्टी से जीवित होकर एक सृजित मानव बन सके, बल्कि यहोवा मानवजाति को भस्म भी कर सकता है, मानवजाति को शाप भी दे सकता है, और मानवजाति पर शासन करने के लिए अपने राजदंड का उपयोग भी कर सकता है। इसी तरह, मनुष्य ने यह भी देखा कि यहोवा पृथ्वी पर मनुष्य के जीवन का मार्गदर्शन कर सकता है, और दिन और रात के समय के अनुसार लोगों के बीच बोल सकता है और कार्य कर सकता है। उसने यह कार्य केवल इसलिए किया ताकि सभी सृजित प्राणी यह समझ सकें कि मनुष्य मूल रूप से उस मिट्टी से आया है जिसे यहोवा ने जमीन से उठाया था, और इसके अलावा मनुष्य को यहोवा द्वारा बनाया गया है। इतना ही नहीं—उसने पहले इस्राएल में अपना कार्य और भी अधिक इसलिए किया ताकि इस्राएल के बाहर के सभी लोग और राष्ट्र (जो वास्तव में इस्राएल के बाहर नहीं थे, बल्कि अन्य-जाति के लोग और राष्ट्र थे जो इस्राएलियों से अलग हो गए थे, फिर भी उनके पूर्वज आदम और हव्वा ही थे) इस्राएल से यहोवा का सुसमाचार प्राप्त कर सकें, ताकि ब्रह्मांड में सभी सृजित प्राणी यहोवा का भय मान सकें और उसे महान मानकर उसका आदर कर सकें। यदि यहोवा ने आरंभ में इस्राएल में कार्य न किया होता, बल्कि मानवजाति का सृजन करने के बाद, उन्हें बस पृथ्वी पर निश्चिंत जीवन जीने दिया होता, तो उस स्थिति में, मनुष्य की देह की प्रकृति को देखते हुए (प्रकृति का अर्थ है कि मनुष्य उन चीजों को कभी नहीं जान सकता जिन्हें वह देख नहीं सकता, अर्थात वह यह नहीं जान पाता कि यहोवा ने ही मानवजाति को बनाया है, और यह तो बिल्कुल नहीं जान पाता कि यहोवा ने मानवजाति को क्यों बनाया), वह कभी नहीं जान पाता कि यहोवा ने ही मानवजाति को बनाया है, और मनुष्य कभी नहीं जान पाता कि वह सभी चीजों का प्रभु है। यदि मानवजाति का सृजन करने और उन्हें पृथ्वी पर रखने के बाद, यहोवा एक अवधि तक मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए लोगों के बीच रहने के बजाय, बस अपने हाथ झाड़कर चला गया होता, तो सारी मानवजाति शून्य हो गई होती; यहाँ तक कि उसके द्वारा सृजित स्वर्ग, पृथ्वी और सब कुछ, मानवजाति के साथ ही शून्य हो गए होते, और शैतान द्वारा कुचले जाने की जगह बन गए होते। उस स्थिति में, यहोवा की यह इच्छा, “पृथ्वी पर, अर्थात, उसकी सृष्टि के बीच, उसके पास खड़े होने के लिए एक स्थान हो—दूसरे शब्दों में, एक पवित्र स्थान हो” चकनाचूर हो गई होती। और इसलिए, मानवजाति का सृजन करने के बाद, उसने मानवजाति के बीच से मनुष्य के जीवन का मार्गदर्शन किया, और उसने मानवजाति के बीच से मनुष्य से बात की—यह सब उसकी इच्छा को साकार करने, और साथ ही उसकी योजना को पूरा करने के लिए था। उसने इस्राएल में अपना कार्य केवल उस योजना को पूरा करने के लिए किया जो उसने सभी चीजों के सृजन से पहले बनाई थी, और इसलिए उसका पहले इस्राएलियों के बीच कार्य करना और उसका सभी चीजों का सृजन करना एक-दूसरे के विपरीत नहीं थे, बल्कि दोनों उसके प्रबंधन के लिए, उसके कार्य के लिए, उसकी महिमा के लिए, और उसके द्वारा मानवजाति के सृजन के अर्थ को और अधिक गहरा करने के लिए किए गए थे। उसने नूह के बाद दो हजार वर्षों तक पृथ्वी पर मानवजाति के जीवन का मार्गदर्शन किया, जिससे सभी लोग यह समझ सकें कि यहोवा—सभी चीजों के प्रभु—का भय कैसे मानें, यह समझ सकें कि अपने जीवन में कैसे आचरण करना है और कैसे जीना है, और इससे भी बढ़कर, यह समझ सकें कि यहोवा की गवाही कैसे देनी है, उसके प्रति समर्पण कैसे करना है और उसका भय कैसे मानना है, यहाँ तक कि ढोल बजाकर उसकी स्तुति कैसे करनी है, जैसा कि दाऊद और उसके याजकों ने किया था।
जिन दो हजार वर्षों के दौरान यहोवा ने कार्य किया, उनके पूर्व मनुष्य कुछ नहीं जानता था, और लगभग समस्त मानव-जाति पतित हो चुकी थी, जल-प्रलय द्वारा संसार के विनाश से पहले तक, मनुष्य स्वच्छंद संभोग और भ्रष्टता की गहराई में गिर चुका था, उसके हृदय में यहोवा बिल्कुल नहीं था और उसका मार्ग तो बिल्कुल नहीं था। उन्होंने उस कार्य को कभी नहीं समझा था, जिसे यहोवा करने जा रहा था; लोगों में विवेक का अभाव था, ज्ञान और भी कम था और एक साँस लेती हुई मशीन के समान वे मनुष्य, परमेश्वर, सभी चीजें, जीवन आदि से पूर्णतया अनभिज्ञ थे। पृथ्वी पर वे साँप के समान, बहुत-से प्रलोभनों में लिप्त थे, और बहुत-सी ऐसी बातें कहते थे जो यहोवा के लिए अपमानजनक थीं, लेकिन चूँकि वे अनभिज्ञ थे, इसलिए यहोवा ने उन्हें ताड़ना नहीं दी या अनुशासित नहीं किया। केवल जल-प्रलय के बाद ही, जब नूह 601 वर्ष का था, तो यहोवा ने औपचारिक रूप से नूह के सामने प्रकट होकर उसका तथा उसके परिवार का मार्गदर्शन किया और 2,500 वर्षों तक चले व्यवस्था के युग की समाप्ति तक नूह और उसके वंशजों के साथ-साथ, जल-प्रलय में जिंदा बचे पक्षियों और जानवरों की अगुआई की। वह इस्राएल में कार्यरत था, अर्थात् कुल 2,000 वर्षों तक औपचारिक रूप से इस्राएल में कार्यरत था और 500 वर्षों तक इस्राएल और उसके बाहर एक-साथ कार्यरत था, जो मिलकर 2,500 वर्ष होते हैं। इस दौरान उसने इस्राएलियों को निर्देश दिया कि यहोवा की सेवा करने के लिए उन्हें एक मंदिर का निर्माण करना चाहिए, याजकों के लबादे पहनने चाहिए और उषाकाल में नंगे पाँव मंदिर में प्रवेश करना चाहिए, कहीं ऐसा न हो कि उनके जूते यहोवा के मंदिर को अपवित्र कर दें और मंदिर के शिखर से उन पर आग गिरा दी जाए और उन्हें जलाकर मार डाला जाए। उन्होंने अपने कर्तव्य किए और यहोवा की व्यवस्थाओं के प्रति समर्पित हो गए। उन्होंने मंदिर में यहोवा से प्रार्थना की, और यहोवा का प्रकाशन प्राप्त करने के बाद, अर्थात् यहोवा के बोलने के बाद, उन्होंने जनसाधारण की अगुआई की और उन्हें सिखाया कि उन्हें उनके परमेश्वर, यहोवा के प्रति भय दिखाना चाहिए। यहोवा ने उनसे कहा कि उन्हें एक मंदिर और एक वेदी बनानी चाहिए, और यहोवा के समय पर, अर्थात् फसह के पर्व पर उन्हें यहोवा की सेवा के लिए बलि के रूप में वेदी पर रखने के लिए पहलौठे बछड़े और मेमने तैयार करने चाहिए, जिससे लोगों को नियंत्रण में रखा जा सके और उनके हृदय में यहोवा के लिए भय उत्पन्न किया जा सके। उनका इस व्यवस्था का पालन करना या न करना यहोवा के प्रति उनकी वफादारी का पैमाना बन गया। यहोवा ने उनके लिए सब्त का दिन भी नियत किया, जो उसकी सृष्टि की रचना का सातवाँ दिन था। सब्त के अगले दिन उसने पहला दिन बनाया, अर्थात् उनके द्वारा यहोवा की स्तुति करने, उसे चढ़ावा चढ़ाने और उसके लिए संगीत बजाने का दिन। इस दिन यहोवा ने सभी याजकों को एक-साथ बुलाकर वेदी पर रखे चढ़ावे को लोगों के खाने हेतु बाँटने के लिए कहा, ताकि वे यहोवा की वेदी के चढ़ावों का आनंद उठा सकें। यहोवा ने कहा कि वे धन्य हैं कि उन्होंने उसके साथ एक हिस्सा साझा किया, और कि वे उसके चुने हुए लोग हैं (जो कि इस्राएलियों के साथ यहोवा की वाचा थी)। यही कारण है कि आज तक भी इस्राएल के लोग यही कहते हैं कि यहोवा केवल उनका ही परमेश्वर है, वह अन्य-जाति राष्ट्रों का परमेश्वर नहीं है।
व्यवस्था के युग के दौरान, यहोवा ने मूसा को उन इस्राएलियों के वास्ते जारी करने के लिए अनेक आज्ञाएँ निर्धारित कीं, जो उसका अनुसरण करते हुए मिस्र से निकले थे। उस समय, ये आज्ञाएँ यहोवा द्वारा इस्राएलियों को दी गई थीं, उनका मिस्र के लोगों से कोई संबंध नहीं था; वे इस्राएलियों को नियंत्रित करने के लिए थीं। उसने इन आज्ञाओं का उपयोग उनसे माँग करने के लिए किया—वे सब्त का पालन करते थे या नहीं, अपने माता-पिता का सम्मान करते थे या नहीं, मूर्तियों की आराधना करते थे या नहीं, इत्यादि—यही वे सिद्धांत थे, जिनसे उनके पापी होने या धर्मी कहलाने का आकलन किया जाता था। उनमें से कुछ ऐसे थे जिन पर यहोवा की आग उतरी थी, कुछ ऐसे थे जो पत्थरों से मार डाले गए, और कुछ ऐसे थे जिन्होंने यहोवा का आशीष प्राप्त किया, इन सबका निर्धारण इस बात से किया जाता था कि उन्होंने इन आज्ञाओं का पालन किया या नहीं। जो सब्त का पालन नहीं करते थे, उन्हें पत्थरों से मार डाला गया। जो याजक सब्त का पालन नहीं करते थे, उन पर यहोवा की आग उतरती थी। जो अपने माता-पिता का सम्मान नहीं करते थे, उन्हें भी पत्थरों से मार डाला गया। यह सब यहोवा द्वारा स्वीकृत था। यहोवा ने अपनी आज्ञाओं और व्यवस्थाओं को पूरी तरह से इसलिए स्थापित किया था, ताकि जब वह लोगों के जीवन की अगुआई करे, तो वे उसके वचन सुनें और उसके वचन के प्रति समर्पण करें, उसके खिलाफ विद्रोह न करें। उसने नवजात मानवजाति को नियंत्रण में रखने के लिए इन व्यवस्थाओं का उपयोग किया, जिससे वह अपने भविष्य के कार्य की नींव डाले। इसलिए, यहोवा द्वारा किए गए कार्य के आधार पर प्रथम युग को व्यवस्था का युग कहा गया। यद्यपि यहोवा ने बहुत-से वचन बोले और बहुत सारा कार्य किया, किंतु उसने केवल लोगों का सकारात्मक ढंग से मार्गदर्शन किया, इन अज्ञानी लोगों को यह मार्गदर्शन दिया कि आचरण कैसे करना है, कैसे जीना सीखना है और यहोवा के मार्ग को कैसे समझना है। उसके द्वारा किए गए कार्य का अधिकांश भाग लोगों से अपने मार्ग का पालन करवाना और अपनी व्यवस्थाओं का अनुसरण करवाना था। यह कार्य उन लोगों पर किया गया था जो कम भ्रष्ट थे; इसमें स्वभाव में किसी बदलाव का कोई प्रश्न नहीं था, और जीवन में किसी प्रगति का कोई प्रश्न नहीं था। उसने लोगों से व्यवस्थाओं का पालन करवाकर बस लोगों पर अंकुश लगाया और लोगों को नियंत्रित किया। उस समय के इस्राएलियों के लिए, यहोवा मात्र मंदिर में विद्यमान परमेश्वर था, और वह स्वर्गिक परमेश्वर भी था। वह बादल का एक स्तंभ, आग का एक स्तंभ था। यहोवा ने उनसे केवल उन बातों का आज्ञापालन करने[क] की अपेक्षा की जिन्हें आज लोग व्यवस्थाओं और आज्ञाओं—यहाँ तक कि इन्हें विनियम भी कहा जा सकता है—के रूप में जानते हैं, क्योंकि यहोवा ने जो किया वह उन्हें बदलने के लिए नहीं था, बल्कि उन्हें और अधिक ऐसी चीजें प्रदान करने के लिए था जिनसे मनुष्य को लैस होना चाहिए, और स्वयं उन्हें ये चीजें बताने के लिए था, क्योंकि सृजित किए जाने के बाद, मनुष्य के पास ऐसा कुछ नहीं था जो उसके पास होना चाहिए। और इसलिए, यहोवा ने उन्हें वे चीजें प्रदान कीं जो पृथ्वी पर मनुष्य के जीवन के लिए उसके पास होनी चाहिए, जिससे कि वह मानवजाति जिसका उसने मार्गदर्शन किया था, अपने पूर्वजों—हव्वा और आदम—से बेहतर हो गई, क्योंकि यहोवा ने उन्हें जो प्रदान किया वह उससे बढ़कर था जो उसने आरंभ में हव्वा और आदम को प्रदान किया था। चाहे जो भी हो, यहोवा ने इस्राएल में जो कार्य किया वह केवल मनुष्य का मार्गदर्शन करने और मनुष्य से सृष्टिकर्ता को स्वीकार करवाने के लिए था। यह न तो विजय थी और न ही बदलाव, बल्कि मात्र मार्गदर्शन था। यह व्यवस्था के युग में यहोवा का संपूर्ण कार्य था। यह इस्राएल की संपूर्ण धरती पर उसके कार्य की पृष्ठभूमि, उसकी असली कहानी और उसका सार है। यह उसके छह हजार वर्षों के कार्य का आरंभ भी है—ताकि मनुष्य को यहोवा के नियंत्रण में रखा जा सके। इसी से उसकी छह हज़ार वर्षीय प्रबंधन योजना में और अधिक कार्य उत्पन्न हुआ।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य
फुटनोट :
क. मूल पाठ में “आज्ञापालन करने” यह वाक्यांश नहीं है।